होशंगाबाद – (ईपत्रकार.कॉम) |कलेक्ट्रेट के रेवा सभाकक्ष में साप्ताहिक समय सीमा बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता करते हुए कलेक्टर श्री अविनाश लवानिया ने कहा कि अगस्त माह में होशंगाबाद सीएम हेल्पलाइन में आने वाली शिकायतों के निराकरण में प्रदेश में अव्वल रहा है। उन्होंने इस उपलब्धि के लिए अधिकारियों को बधाई दी एवं जिले को लगातार प्रथम स्थान पर बनाये रखने के लिए आवेदन पत्रों के तत्परता से निराकरण के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि 100 दिन से अधिक लंबित आवेदनों का शीघ्र निराकरण करायें। बैठक में कलेक्टर ने बिना अनुमति अनुपस्थित रहने पर कार्यपालन यंत्री लोक निर्माण विभाग को कारण बताओ नोटिस देने के निर्देश दिए। उन्होने आम आदमी बीमा योजना तथा जनश्री बीमा योजना में पात्र परिवारों के सत्यापन में लापरवाही बरतने पर सभी जनपद पंचायतों के मुख्य कार्यपालन अधिकारियों को कारण बताओ नोटिस देने के निर्देश दिए। उन्होंने भावांतर योजना में किसानों के कम पंजीयन पर भी नाराजगी व्यक्त की।
बैठक में कलेक्टर ने सीएम हेल्पलाइन की समीक्षा करते हुए कहा कि अगस्त माह में 67.46 शिकायतों के निराकरण के साथ होशंगाबाद प्रदेश में प्रथम स्थान पर रहा। इस अवधि में पीएचई 89.75 प्रतिशत, वन 77.86 प्रतिशत, खाद्य विभाग 71.11 प्रतिशत, गृह विभाग 68.04 प्रतिशत, सामान्य प्रशासन 61.75 प्रतिशत, राजस्व 61.51 प्रतिशत निराकरण रहा इसके लिए संबंधित अधिकारी बधाई के पात्र हैं। लेवल 4 पर लंबित शिकायतों के संबंध में प्रतिवेदन भेजकर निराकरण सुनिश्चित कराएं। सभी अधिकारी अनिराकृत शिकायतों की संख्या में कमी लाएँ जिससे जिले के प्रदर्शन में सुधार के साथ ही अधिक से अधिक शिकायतकर्ताओं की समस्याओं का समाधान हो सके। उन्होंने कहा कि अधिकारियों की सीएम हेल्पलाइन के टॉप 10 अधिकारियों में स्थान पाने के लिए भी प्रयत्न करना चाहिए। जिले में लोकसेवा गारंटी अधिनियम के अंतर्गत एक आवेदन समय सीमा के बाद निराकृत होने पर कलेक्टर ने बीएमओ बनखेड़ी को नोटिस जारी करने के निर्देश दिए।
कलेक्टर ने टीएल पत्रों की समीक्षा करते हुए सिविल सर्जन को नि:शक्तजनों के युनिक आई कार्ड बनाने के प्रक्रिया में तेजी लाने के निर्देश दिए उन्होंने सीईओ जिला पंचायत को घुमक्कड़ जातियों के लिए आवास निर्माण हेतु हितग्राहियों का चिन्हांकन करने के निर्देश दिए। कलेक्टर ने कहा कि भावांतर योजना किसानों को लाभ पहुँचाने के लिए प्रारंभ की गई है। इसलिए इसमें अधिक से अधिक किसानों का पंजीयन कराना आवश्यक है जिससे वे लाभान्वित हो सके। उन्होंने कहा कि पंजीयन के कार्य में अतिरिक्त कम्प्यूटर ऑपरेटर्स तैनात करें। किसी भी स्थिति में काम नहीं रूकना चाहिए।
कलेक्टर ने कहा कि जिले में चल रहे रक्तदान शिविरों में अधिक से अधिक लोगों की सहभागिता सुनिश्चित की जाएं। उन्होंने कहा कि अधिकारी एवं कर्मचारी भी रक्त दान कर इन शिविरों को सफल बनाने में योगदान दें। बैठक में बताया गया कि 7 अक्टूबर को गल्र्स कॉलेज होशंगाबाद में रक्तदान शिविर का आयोजन किया जा रहा है। वृहद रक्तदान शिविर एक दिसंबर को जिला चिकित्सालय में आयोजित किया जायेगा। उन्होंने सभी अधिकारियों को जिला कार्य योजना के लिए आवश्यक जानकारी उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। उन्होंने उपसंचालक सामाजिक न्याय को सौंपे गए उत्तरदायित्व के ठीक से निर्वहन के निर्देश दिए। बैठक में जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री पी.सी. शर्मा ने बताया कि 2 अक्टूबर को सभी ग्राम पंचायतों में विशेष ग्रामसभा का आयोजन किया जाएगा। बैठक में सहायक कलेक्टर श्री स्वप्निल वानखेड़े, एसडीएम श्री मनोज उपाध्याय एवं अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।





























































