नरसिंहपुर- (ईपत्रकार.कॉम) |कलेक्टर डॉ. आरआर भोंसले ने चौधरी शंकरलाल दुबे शासकीय जिला चिकित्सालय के ब्लड बैंक में गुरूवार को रक्तदान किया। यहां उन्होंने एक यूनिट रक्तदान किया।
इस अवसर पर कलेक्टर ने कहा कि रक्तदान पुनीत कार्य है। रक्तदान के माध्यम से जरूरतमंद मरीजों के जीवन की रक्षा की जा सकती है। रक्तदान के बारे में लोगों में जागरूकता बढ़ाना जरूरी है। उन्होंने बताया कि वे वर्ष में कम से कम एक बार रक्तदान अवश्य करते हैं। उन्होंने रक्तदान के बारे में लोगों की भ्रांतियों को दूर करने पर जोर दिया।
इस मौके पर मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. जीसी चौरसिया, सिविल सर्जन डॉ. विजय मिश्रा, डॉ. राजेश सिंघई, अन्य चिकित्सक और ब्लड बैंक का स्टाफ मौजूद था।





























































