कटनी – ईपत्रकार.कॉम |मध्यप्रदेश राज्य सामान्य वर्ग कल्याण आयोग के अध्यक्ष बालेन्दु शुक्ल ने कहा कि सरकार हर वर्ग के कल्याण और विकास के लिये अनेक योजनायें और कार्यक्रम संचालित करती है। योजनाओं के अनुरुप पात्रता होने पर जागरुकता के साथ इनका लाभ उठाना चाहिये। आयोग के अध्यक्ष श्री शुक्ल गुरुवार को कटनी कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में अधिकारियों की बैठक में आयोग की अनुसंशित योजनाओं की समीक्षा कर रहे थे। इस मौके पर महापौर शशांक श्रीवास्तव, जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती ममता पटेल, कलेक्टर केवीएस चौधरी, निगमायुक्त टी.एस. कुमरे, परियोजना अधिकारी डूडा अभय मिश्रा, प्रभारी उप संचालक पंचायत सामाजिक न्याय गणेश पाण्डेय, जिला शिक्षा अधिकारी सच्चिदानन्द पाण्डेय सहित विभाग प्रमुख अधिकारी उपस्थित थे।
सामान्य निर्धनवर्ग कल्याण आयोग के अध्यक्ष श्री शुक्ल ने कहा कि सरकार हर वर्ग के कल्याण के और विकास के लिये संकल्पित होती है। मध्यप्रदेश में पहली बार सामान्य वर्ग के गरीब तबके के लोगों को विकास की मुख्य धारा में लाने निर्धन वर्ग कल्याण आयोग का गठन कर विशेष रुप से योजनायें संचालित की गई हैं। योजनाओं का लाभ उठाने लोगों में जागरुकता भी होना जरुरी है। उन्होने कहा कि यह हम सबकी जिम्मेदारी है कि वंचित वर्ग को आगे लाकर योजनाओं का लाभ दिलायें। आयोग की योजनाओं का क्रियान्वयन जिले में ठीक तरह से हो रहा है, यह देखने का काम आयोग जिले में जाकर समीक्षा के माध्यम से कर रहा है।
महापौर शशांक श्रीवास्तव ने कहा कि राज्य सरकार ने सामान्य निर्धन वर्ग के कल्याण के लिये अलग से आयोग बनाकर योजनायें क्रियान्वित की हैं। मुख्यमंत्री जनकल्याण योजना संबल में भी बिना किसी वर्ग विभेद के सभी वर्गों के लोगों को समान लाभ दिया जा रहा है। संबल योजना के साथ ही प्रधानमंत्री आवास योजना में भी सभी वर्ग के लोगों को समुचित रुप से लाभान्वित किया जा रहा है।
बैठक में राज्य सामान्य निर्धन वर्ग कल्याण आयोग की अनुशंसाओं पर शासन द्वारा प्रारंभ की गई योजनाओं, सामान्य निर्धन वर्ग छात्रवृत्ति योजना, स्वामी विवेकानन्द प्री-मैट्रिक व पोस्ट मैट्रिक छात्रवृत्ति योजना, सुदामा शिष्यवृत्ति, डॉ. एपीजे अब्दुल कलाम मेधावी छात्र प्रोत्साहन योजना, व्यवसायिक पाठ्यक्रमों में विक्रमादित्य निःशुल्क शिक्षा योजना, निःशुल्क पाठ्य पुस्तक वितरण, वीरांगना लक्ष्मी बाई और मां सरस्वती उच्च शिक्षा ऋण गारंटी योजना की प्रगति एवं लाभान्वित हितग्राहियों के संबंध में समीक्षा की गई। तीन वर्षों की समीक्षा के दौरान बताया गया कि अब तक आयोग की इन योजनाओं में 15 हजार 162 हितग्राही लाभान्वित हुये हैं। समीक्षा बैठक के उपरान्त सामान्य निर्धन वर्ग कल्याण आयोग के अध्यक्ष बालेन्दु शुक्ल ने सामान्य निर्धन वर्ग के व्यक्तियों, गणमान्य नागरिकों और हितग्राहियों से चर्चा कर आयोग की अनुशंसित योजनाओं का क्रियान्वयन और बेहतर लाभ दिलाने सुझाव भी प्राप्त किये।





























































