सामाजिक बदलाव के पर्व के रूप में मना सोंडवा में स्वच्छता उत्सव, गौरव यात्रा निकाली

0

अलिराजपुर  – (ईपत्रकार.कॉम) |गांधी जयंती का दिन 2 अक्टूबर 2017 जिले के सोंडवावासियों के लिए अद्भुत और कभी नहीं भूल पाने वाला दिन बना जो यहां के हर आम और खास की आंखों में कैद हो गया। अवसर था सोंडवा विकासखंड की 74 पंचायतों के खुले में शौच मुक्त होने के अवसर पर गौरव यात्रा का। इस अवसर पर हर एक व्यक्ति ने इस उत्सव में भागीदारी निभाई। स्वच्छता ही सेवा अभियान के तहत सोंडवा में आयोजित गौरव यात्रा और स्वच्छता सम्मान समारोह आयोजित किया गया। इस अवसर पर नगर के प्रवेश द्वार पर सोंडवा जनपद के समस्त सरपंच, सचिव, जीआरएस, चौकीदार, पटेल, आंगनवाड़ी कार्यकर्ता, ग्रामीणजन आदि पूरे उत्साह के साथ फूलों की माला से विधायक श्री नागरसिंह चौहान, कलेक्टर श्री गणेश शंकर मिश्रा, पुलिस अधीक्षक श्री के कार्तिकेयन, जिला पंचायत सीईओ श्रीमती अनुग्रह पी. सहित अन्य अतिथियों का स्वागत किया। यहां से बड़ी संख्या में स्कूली विद्यार्थी, ग्रामीणजन, जनप्रतिनिधिगण और जनपद पंचायत सोंडवा के दूरस्थ ग्रामों से आए ग्रामीण पूरे उत्साह के साथ गौरव यात्रा में सम्मिलित हुए। फूलों से सजें वाहन पर अतिथि सवार थे जो प्रत्येक व्यक्ति का अभिवादन स्वीकार कर रहे थे। गौरव यात्रा का जगह-जगह पुष्प वर्षा करके ग्रामीणों ने स्वागत किया। यात्रा की प्रथम पक्ति में कलश सिर पर उठाए बालिकाएं चल रही थी। यात्रा में शामिल ग्रामीण ढोल-मादल और डीजे की थाप पर थिरकते हुए चल रहे थे। पूरे वातावरण ने उत्साह और सामाजिक बदलाव के पर्व का रूप धारण कर लिया था, जिसमें हर एक व्यक्ति सहभागी बना हुआ था। उत्सवी माहौल को सोंडवावासियों द्वारा जगह-जगह पुष्प वर्षा से भावभारा अभिनंदन किया जिसने उत्साह को ओर बढ़ा दिया। आंगतुकों के स्वागत हेतु जगह-जगह रंग-बिरंगी रंगोली बनाई गई थी।

गौरव यात्रा सोंडवा के मुख्य मार्गों से होते हुए खेल मैदान में आयोजित मुख्य कार्यक्रम स्थल पर पहुंची। यहां मुख्य द्वार पर स्कूली बालिकाओं ने अतिथियों का तिलक लगाकर स्वागत किया। कार्यक्रम का शुभारंभ अतिथियों ने महात्मा गांधी के चित्र का पूजन एवं पुष्पमाला अर्पित किया। अतिथियों का स्वागत जनपद सीईओ सोंडवा श्री मनीष भंवर सहित अन्य ने किया। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विधायक श्री नागरसिंह चौहान ने कहा प्रधानमंत्री के स्वच्छता संदेश के आह्वान का कोपल जिले के दूरस्थ सोंडवा विकासखंड में प्रस्फुटीत हो चुका है। अब जिले को खुले में शौच मुक्त होने में ज्यादा समय नहीं लगेगा। उन्होंने कहा अब जिम्मेदारी ओर बढ़ गई है। इस बदलाव में सामाजिक आंदोलन ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई जिससे समाज में यह बदलाव नजर आ रहा है। श्री चौहान ने अल्प वर्षा के मद्देनजर कम पानी वाली फसल लेने, जगह-जगह पानी रोकने का आह्वान किया। उन्होंने भावान्तर योजना के तहत अधिक से अधिक पंजीयन कराने की बात कहते हुए सरपंच, सचिव, जीआरएस से गांवों में डोडी पिटवाकर ग्रामीणों को पंजीयन हेतु प्रेरित करने की बात कही। प्रदेश सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का उल्लेख करते हुए आमजन से इनका लाभ लेने की बात कही। विधायक श्री चौहान ने जमीन समतलीकरण योजना, नर्मदा सेवा अभियान के दौरान लगाए पौधों को संरक्षित करने के साथ प्रधानमंत्री सौभाग्य योजना से अधिक से अधिक पंचायतों की जोडने हेतु कार्ययोजना बनाकर घर-घर बिजली पहुंचाने की बात कहीं। उन्होंने बच्चों को अनिवार्य रूप से स्कूल भेजकर सामाजिक स्तर पर शिक्षा हेतु जन आंदोलन छेड़कर जिले में अशिक्षा के कलंक को मिटाने का आह्वान किया। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कलेक्टर श्री गणेश शंकर मिश्रा ने बताया किसी ग्राम को खुले में शौच मुक्ति बनाना बोलने और सुनने में आसान लगता है लेकिन यह व्यक्ति के व्यवहार में परिवर्तन से जुडी बात है। सोंडवा विकासखंड के दुर्गम क्षेत्रों में असंभव कार्य को यहां के ग्रामीणों, जनप्रतिनिधियों, निगरानी समिति सदस्यों अधिकारियों-कर्मचारियों आदि ने कडी मेहनत और परिश्रम से संभव कर दिखाया है। विकास के इस बदलाव में यहां के बच्चे से लेकर बडे तक सहभागी बने है। रूपालू राजपुर अभियान ने समुदाय में जाग्रति लाने का काम किया है। आगे आने वाले वर्षों में जिला विकास के नये आयाम तय करेगा। यह सफलता सभी की इच्छा शक्ति और जनजागृति का परिणाम है। इसी प्रकार के प्रयासों से ही अलीराजपुर जिला राष्ट्र विकास में सहभागी बनेगा। कलेक्टर श्री मिश्रा ने मंच के माध्यम से जनप्रतिनिधियों, मीडिया, ग्रामीणों, स्कूली बच्चों, निगरानी समिति में लगे सदस्यों और अधिकारियों और कर्मचारियों का ओडीएफ की कल्पना को साकार करने में सकारात्मक सहयोग के लिए धन्यवाद ज्ञापित किया।

कार्यक्रम में जिला पंचायत सीईओ श्रीमती अनुग्रह पी. ने बताया कलेक्टर श्री मिश्रा के सफल मार्गदर्शन में सोंडवा विकासखंड ओडीएफ हुआ है लेकिन हमारी जिम्मेदारी ओर बढ़ गई है। अब हम सभी को सुनिश्चित करना है कि कोई भी व्यक्ति खुले में शौच नहीं जाए।

कार्यक्रम के गुजराती गायक श्री विक्रम चौहान एवं साथी कलाकार व स्कूली बालिकाओं ने अपने गीत और नृत्य से समा बांधते हुए हर किसी को थिरकने पर मजबूर कर दिया। कार्यक्रम में प्रधानमंत्री के स्वच्छता के आडियों संदेश को सुनाया गया। कार्यक्रम के दौरान एसडीएम जोबट श्री साकेत मालवीय के नेतृत्व में जनपद सीईओ, सरपंचगण, तहसीलदार आदि ने खुले में शौच मुक्त दीवाली मनाने का निमंत्रण पत्र विधायक श्री चौहान एवं कलेक्टर श्री मिश्रा को सौपा। मंच पर एसडीएम श्री एसएस मुजाल्दा, जिला पंचायत सदस्य श्री गणपतसिंह कनैश, जनपद पंचायत उपाध्यक्ष श्री रामसिंह भाई, सरपंच श्री मांगीलालभाई, वालपुर सरपंच श्री जयपाल खरत, सहित अन्य जनप्रतिनिधिगण एवं अधिकारी-कर्मचारीगण उपस्थित थे। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में सरपंच, सचिव, जीआरएस, आंगनवाड़ी कार्यकर्ता, महिला स्वयं सहायता समूह की सदस्य, स्कूली बच्चे अधिकारी-कर्मचारीगण उपस्थित थे। कार्यक्रम का संचालन बीईओ श्री रामानुज शर्मा ने किया। अंत में आभार एई श्री सोहनसिंह झाणिया ने माना।

स्कूली बच्चों की प्रस्तुति पर मन मोहा, विधायक ने किया सम्मानित
खुले में शौच मुक्ति के नन्हें स्कूली बच्चों के मुख से स्वच्छता के संदेश को सुनकर कार्यक्रम में उपस्थित रह एक व्यक्ति चकित रह गया। नन्हें अरविन्द कुंवरसिंह ने अपने संबोधन ने अतिथियों को मोहित कर दिया। विधायक श्री चौहान ने तो अरविन्द का फूल माला से स्वागत कर नगद पांच सौ रूपये का नगद पुरस्कार दिया। इसके बाद शीला सोलंकी एवं ममता ने खुले में शौचालय निर्माण हेतु किये गए प्रयासों के अनुभव बताते हुए सभी को स्वच्छता का संदेश दिया। स्कूली बालिकाओं ने स्वच्छता पर आधारित आकर्षक सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दी।

इन्हें किया सम्मानित
कड़ी मेहनत और रात-दिन के परिश्रम से सोंडवा विकासखंड के 133 ग्रामवासी ओडीएफ का उत्सव मनाया। इस अवसर पर खुले में शौच मुक्त अभियान को साकार करने में सहयोगी रहे सरपंच, सचिव, जीआरएस, आंगनवाड़ी कार्यकर्ता, स्कूली बच्चे, प्रेरक, अधिकारियों और कर्मचारियों आदि को प्रमाण पत्र, ट्रॉफी भेट कर सम्मानित किया गया। स्वच्छता ही सेवा अभियान के तहत जिले में बेहतर कार्य करने वाली ग्राम पंचायतों को पुरस्कृत भी किया गया। पुरस्कार के तहत प्रथम पुरस्कार 50-50 हजार रूपये, द्वितीय पुरस्कार 40-40 हजार रूपये एवं तृतीय 30-30 हजार रूपये पुरस्कृत होने वाली पंचायतों को प्रदान किये जाएंगे। सोंडवा जनपद बडादा, सोंडवा, बड़ी वनखड तथा मोराजी ग्राम पंचायतें रहेगी। कट्ठीवाडा जनपद की अम्बाडबेरी, अंधारकांच, फलियामउ, जोबट की थापली, बेटवासा एवं बड़ी खट्टाली ग्राम पंचायतों को उक्त पुरस्कार राशि का चैक वितरित किया गया।

हस्ताक्षर अभियान कर दिखाई कचरा वाहन को हरी झंडी
सोंडवा में स्वच्छता ही सेवा अभियान के तहत आयोजित कार्यक्रम के समापन अवसर पर अतिथियों ने स्वच्छता संदेश पोस्टर पर हस्ताक्षर किये। तत्पश्चात कचरा वाहन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।

Previous articleजो आपके पास अधिक है यहॉ छोड जाए, जो आपकी जरूरत का है यहॉ से ले जाए
Next article153 आवेदनों पर हुई सुनवाई

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here