प्रदेश के शालेय शिक्षा मंत्री श्री विजय शाह का उनके गृह ग्राम खुदिया में अल्प प्रवास यहां के लोगों के लिए अनेक सौगातें दे गया। खुदिया के हाई स्कूल के शुभारंभ कार्यक्रम में आए मंत्री श्री शाह ने शाला भवन निर्माण के लिए एक करोड़ रुपए देने की घोषणा की। यह शाला भवन एक साल में बनकर तैयार हो जाएगा। साथ ही शाला में ट्यूबवेल सहित दूसरी व्यवस्थाओं के लिए पांच लाख रुपए अतिरिक्त देने की घोषणा की। उन्होंने कहा कि अगले सात दिवस में नौवीं कक्षा के छात्रों के लिए फर्नीचर की व्यवस्था कर दी जाएगी। इसके अलावा आगामी एक नवंबर तक कक्षा पहली से आठवीं तक के बच्चों के लिए भी फर्नीचर की व्यवस्था की जाएगी। उन्होंने अपने बचपन के दिनों से वर्तमान में शिक्षा व्यवस्था की तुलना करते हुए कहा कि अब तो सरकार छात्र छात्राओं के लिए पाठ्यपुस्तकें, गणवेश, मध्यान्ह भोजन,पक्के शाला भवन और बालिकाओं के शाला आने जाने के लिए साइकिल तक दे रही है। बच्चों को चाहिए कि मन लगाकर पढ़े और अपना कैरियर बनाएं। उन्होंने कहा कि हरदा जिले के एक लाख तीस हजार बच्चों को दिए जाने वाले दो जोड़ी गणवेश की सिलाई की व्यवस्था स्वयं सहायता समूहों के माध्यम से कराई जाएगी।
इससे स्थानीय लोगों को रोजगार भी मुहैया होगा। स्थानीय लोगों के सिलाई के प्रशिक्षण के लिए स्व. श्री देवीसिंह शाह ट्रस्ट से 25-25 हजार रूपए लागत की पांच सिलाई मशीन भी देने की बात कही। प्रशिक्षण स्थानीय समुदायिक भवन में दिए जाने की व्यवस्था करेंगें। प्रशिक्षण लेने वाली बहनो के छोटे बच्चों के लिए झूलाघर भी होगा। इसके अलावा खुदिया के टेलर लच्छू भाई को एक सिलाई मशीन देने की घोषणा की। मकड़ई राजघराने की तरफ से श्री अजय शाह ने शाला भवन निर्माण के लिए एक एकड़ भूमि दान करने की घोषणा की। स्थानीय विधायक श्री संजय शाह ने शाला के लिए एक वाटर कूलर देने की घोषणा की। मंत्री श्री शाह ने उन्हें पढ़ाने वाले शिक्षक श्री गोपाल प्रसाद काकड़िया का सम्मान किया। मंत्री श्री शाह ने मकड़ाई में सौ सीटर शिक्षक प्रशिक्षण संस्थान खोले जाने की भी घोषणा की। मंत्री श्री शाह ने कहा कि मध्यप्रदेश शासन प्रतिवर्ष 300 करोड़ रुपए की पाठ्य पुस्तकें शालाओं में वितरण करने के लिए खरीदता है। इस साल से यह व्यवस्था की जाएगी कि बच्चे को दी गई किताबें वापस करनी होंगी तभी उसे परीक्षा परिणाम दिया जाएगा। अगले साल भी इन्हीं पुस्तकों का इस्तेमाल किया जाएगा। बच्चों को किताबें जिल्द करा कर दी जाएंगी। इससे अगले दो साल में बचने वाली छह सौ करोड़ की राशि से शालाओं के फर्नीचर आदि दूसरी व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जायेंगी। कार्यक्रम में मंत्री श्री शाह की माताश्री श्रीमती सीता देवी शाह ने बच्चों को आर्शीवचन दिए। यहां जिला पंचायत उपाध्यक्ष श्री मनीष निशोद,जनपद अध्यक्ष श्री जगदीश सोलंकी, श्री अमरसिंह मीणा सहित जनप्रतिनिधिगण, ग्रामीण जन मौजूद थे।





























































