हरदा – ईपत्रकार.कॉम |जिन हितग्राहियों ने शौचालयों का निर्माण किया है,उन्हें उसकी सजावट पर पुरस्कृत किया जाएगा। पंचायत,विकास खंड और जिले को भी राष्ट्रीय स्तर पर पुरस्कार मिलेगा।हरदा जिले में पंचायत सचिव रोजगार सहायकों ने अपनी मेहनत से ओडीएफ हो या ग्रामीण स्वच्छता सर्वेक्षण हर जगह जिले का नाम नेशनल लेवल पर किया है।उम्मीद है कि इस दफा भी हमें नीचा नहीं देखना पड़ेगा। कलेक्टर श्री एस विश्वनाथन ने ये बात आज जिला पंचायत में अभियान की शुरुआत के दौरान बैठक में कही। जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री एचएस मीणा और जिला समन्वयक रजनीश शुक्ला भी मौजूद थे।
एक जनवरी से 31 जनवरी तक स्वच्छ सुंदर शौचालय प्रोग्राम चलाया जाएगा। जो भी गांव मानक को पूरा विकास खंड के ऐसे पांच ग्राम पंचायत को पुरस्कृत किया जाएगा।बैठक में एक जनवरी से शुरू होने वाले स्वच्छ सुंदर शौचालय अभियान शुरू कराने की रणनीति बनाई गई। बताया गया कि अभियान के दौरान लाभार्थियों के स्वच्छ और सुंदर शौचालयों के फोटो खींचे जाएंगे। बेहतर शौचालयों को पुरस्कार मिलेगा। इसके लिए सभी एडीओ पंचायत और पंचायत सचिवों को दिशा निर्देश जारी कर दिए गए हैं।
स्वच्छ भारत मिशन ग्रामीण पेयजल एवं स्वच्छता मंत्रालय भारत सरकार द्वारा राष्ट्रीय स्तर पर स्वच्छ सुंदर शौचालय अभियान 1 जनवरी से प्रारंभ किया जा रहा है जो 31 जनवरी तक रहेगा। अभियान का मुख्य उद्देश्य ग्राम स्तर पर निर्मित शौचालयों को हितग्राही द्वारा स्वयं से पेंट करना, शौचालय को एक नया रूप देना, शौचालय का निरंतर उपयोग को बढावा देना, शौचालय के स्थायित्व को बढाना तथा शौचालय की गुणवत्ता को सुनिश्चित करना है। इसके अंतर्गत अभियान के क्रम में बेहतर एवं उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली ग्राम पंचायतों तथा जिला कलेक्टरों को राष्ट्रीय स्तर पर आयोजित कार्यक्रम में सम्मानित किया जाएगा। इसके साथ ही व्यक्तिगत रूप से भी उन शौचालयों के हितग्राहियों को भी पुरूस्कृत किया जाएगा। जिन्होने स्वयं का शौचालय बेहतर तरीके से पेंट किया हो। अभियान को कलेक्टर एवं मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत तथा ग्राम पंचायत अपने स्तर से नेतृत्व करेंगी। स्वच्छ सुंदर शौचालय अभियान जिला एवं जनपद स्तर पर 1 जनवरी से प्रारंभ किए जाएगें साथ ही इस अभियान का समापन 31 जनवरी को किया जाएगा। इस अभियान में ग्राम स्तर पर हितग्राही अपने शौचालय की पेंटिंग में स्थानीय स्तर पर किसी भी कलाकृति को शामिल कर सकेगा साथ ही स्वच्छ भारत मिशन के संदेश, स्लोगन को लिख सकेगा।
स्वच्छ सुंदर शौचालय अभियान के अंतर्गत राज्य स्तर से 3 जिलों का चयन किया जाएगा। राज्य स्तर पर चयनित 3 जिलों के रचनात्मक रूप से पेंट किए हुए शौचालय में से चयनित 5 शौचालयों का फोटो ग्राफ राज्य स्वच्छ भारत मिशन ग्रामीण को भेजा जाएगा। राज्य स्तर पर चयनित 3 जिलों के रचनात्मक रूप से पेंट किए हुए शौचालयों जिसमें जिला स्तर से प्राप्त 5-5 शौचालयों की फोटो पेयजल एवं स्वच्छता मंत्रालय भारत सरकार नई दिल्ली को राज्य स्वच्छ भारत मिशन ग्रामीण द्वारा भेजी जाएगी। इस अभियान में भाग लेने हेतु राज्य स्तर से पेयजल एवं स्वच्छता मंत्रालय भारत सरकार नई दिल्ली के पोर्टल पर प्रविष्टि व पंजीयन किया जाएगा। इस अभियान में रचनात्मक रूप से पेंटिंग किए गए व्यक्तिगत शौचालयों, ग्राम पंचायतों, जनपद पंचायतों को सम्मानित करने का कार्य जिला स्तर पर भी किया जाएगा।





























































