हमारे वृद्ध हमारे लिये अमूल्य धरोहर है- सांसद

0

सीधी – (ईपत्रकार.कॉम) |हमारे वृद्ध हमारे लिये अमूल्य धरोहर है। इनका सम्मान और सेवा करना हमारा परम कर्तव्य है। अन्तर्राष्ट्रीय वृद्ध दिवस का आयोजन आज पूरे विश्व में किया जा रहा है इसका मुख्य उद्देश्य यही है कि हम अपने वृद्धों का सम्मान करें और उनके विचारों एवं अनुभव का समाज के हित में पूरा लाभ लें। उक्ताशय का संबोधन सासंद श्रीमती रीति पाठक ने स्थानीय मानस भवन में आयोजित अन्तर्राष्ट्रीय वृद्धदिवस पर दिया।

सांसद श्रीमती रीति पाठक, विधायक केदारनाथ शुक्ल एवं नगरपालिका अध्यक्ष देवेन्द्र सिंह ने संयुक्त रूप से 101 वर्षीय ठकुरनिया देवी, वार्ड नम्बर 24 के गणेश प्रसाद कोल,अवंती और चंपाबाई को माला पहनाकर,शाल एवं श्रीफल से सम्मानित किया।

सांसद श्रीमती पाठक ने कहा कि जब हमारे घर के बडे़ वृद्ध हो जाते है तो उन्हे सहारे की आवश्यकता पड़ती है। ऐसे में उनकी देखभाल और उनके स्वास्थ्य का ध्यान रखना हमारा कर्तव्य होता है। उन्होने कहा कि केन्द्र सरकार और मध्यप्रदेश सरकार ने वृद्धों के हितो के लिये अनेक कल्याणकारी योजनायें प्रारंभ की है। उनके लिये सामाजिक सुरक्षा पेंशन,वृद्धावस्था पेंशन,बीमा योजना आदि अनेक योजनायें संचालित की जा रही है। वृद्धाश्रम हमारे देश की संस्कृत नहीं रही। हमारे घर के वृद्ध हमारे लिये पूजनीय एवं आदरणीय होते हैं। अतः उनकी सेवा एवं सुश्रुवा करना हमारा कर्तव्य है इससे किसी बेटे को मुह नहीं मोड़ना चाहिये। यदि वृद्धों की सेवा एवं सुश्रुवा किसी बेटे द्वारा नहीं की जाती तो वृद्ध द्वारा शिकायत करने पर उसके सजा का भी प्रावधान किया गया है।

विधायक केदारनाथ शुक्ल ने संबोधित करते हुये कहा कि वृद्धों के पास अनुभव का खजाना होता है। उस खजाने का नई पीढी को लाभ उठाना चाहिये। वृद्धावस्था तक वे इतने परिपक्व हो जाते है कि परिवार एवं समाज में अनेक समस्याओं का समाधान उनके पास होता है। वृद्धों का आदर एवं सम्मान करना हमारा परम कर्तव्य है। इससे कभी मुह नहीं मोडना चाहिये।

नगरपालिका अध्यक्ष देवेन्द्र सिंह ने संबोधित करते हुये कहा कि नगरपालिका द्वारा वृद्धों के लिये अनेक योजनायें संचालित की जा रही है। नगरपालिका द्वारा वृद्धो को वृद्धावस्था पेंशन,निराश्रित पेंशन के साथ ही उचित मूल्य की दुकान से एक रूपये किलो गेहू एवं चावल दिया जाता है। साथ ही उन्हे बीमा योजना का लाभ दिया जाता है।

अपर कलेक्टर डी.पी.बर्मन ने कहा कि अन्तर्राष्ट्रीय वृद्ध दिवस का आयोजन पूरे विश्व में किया जा रहा है। वृद्धों के लिये मध्यप्रदेश शासन द्वारा अनेक योजनायें संचालित की गयी है इसके साथ ही उनके हित के लिये अनेक प्रावधान किये गये है। मानस भवन में आयोजित अन्तर्राष्ट्रीय वृद्ध दिवस पर स्वास्थ्य विभाग द्वारा वृद्धों का निःशुल्क स्वास्थ्य परीक्षणकर निःशुल्क दवाईयां वितरित की गयी।

Previous articleप्रदेश सरकार ने मुख्यमंत्री कौशल संवर्धन एवं कौशल्या योजना के लिए स्वीकृत की 30 करोड़ की राशि
Next articleजब-तक छूआ-छूत और भेदभाव रहेगा तब-तक गांव तरक्की नहीं करेगा-विधायक श्री दांगी

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here