सभी का खून एक होता है, वैसे ही हमें समाज में एक बनके रहना चाहियेः – कलेक्टर

0

टीकमगढ़- (ईपत्रकार.कॉम) |भारत सरकार के महिला एवं बाल विकास राज्य मंत्री डॉ. वीरेन्द्र कुमार ने मोहनगढ़ में शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय में आज आयोजित अस्पृश्यता निवारणार्थ सद्भावना शिविर में शामिल हुये। इस अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में उन्होंने कहा कि प्रतिभायें छोटे से क्षेत्र से निकल कर भव्य समाज को अलौकिक करती हैं, ऐसे ही महर्षि वाल्मीक थे जिन्होंने रामायण जैसा ग्रंथ रचकर समाज को प्रेरणा दी। उन्होंने कहा कि आज उन्ही की जयन्ती पर यह अस्पृश्यता निवारणार्थ सद्भावना शिविर आयोजित किया गया है।

डॉ. कुमार ने कहा कि लोग सद्भावना से रहें यही सोच डॉ. भीमराव अंबेडकर की भी थी, जिन्होंने संविधान की रचना की। उन्होंने कहा कि प्रथा एकात्मवाद के प्रणेता पंडित दीनदयाल उपाध्याय चाहते थे कि अंतिम छोर के व्यक्ति को मुख्य धारा में जोड़ने के काम किये जायें, जो हमारी सरकार ने बखूबी किया है। उन्होंने कहा कि वर्ष 2018 तक कोई भी गांव बिना बिजली के नहीं रहेगा, देश के सभी गांवों को प्रधानमंत्री सड़क से जोड़ा जा रहा है। इस शिविर में आये सभी जन यहां से एक संकल्प लेकर जायें कि हम सब सामाजिक समरसता के साथ रहकर देश के विकास को नई दिशा देंगे।
गांधी जी ने देश की आजादी के पूर्व देश से छुआछूत हटाने का प्रण लिया था

इस अवसर पर जिला पंचायत अध्यक्ष श्री पर्वतलाल अहिरवार ने कहा कि गांधी जी ने देश की आजादी के पूर्व देश से छुआछूत हटाने का प्रण लिया था, तभी से हमारे देश में यह सद्भावना, समरसता कार्यक्रम आयोजित किये जाते है। उन्होंने कहा कि ऐसे में हम सब स्वच्छता से रहें, आस-पास साफ-सफाई रखें तो हम स्वस्थ रहेंगे और एक स्वस्थ समाज की रचना करेंगे।

सभी का खून एक होता है, वैसे ही हमें समाज में एक बनके रहना चाहिये : कलेक्टर
कार्यक्रम में कलेक्टर श्री अभिजीत अग्रवाल ने कहा कि हम सबके खून का रंग एक है। जब हम रक्तदान करते हैं तो वह रक्त किसी को भी जीवन दे सकता है क्योंकि सभी में खून एक होता है, वैसे ही हमें समाज में एक बनके रहना चाहिये। श्री अग्रवाल ने कहा छुआ-छूत को हम एक पुराने विषय की तरह भूलें, समरसता से रहे तो इस बुराई से निजात पा सकेंगे।

शिविर का शुभारंभ अतिथियों द्वारा मां सरस्वती, महर्षि वाल्मीकि, राष्ट्रपिता महात्मा गांधी तथा डॉ. भीमराव अंबेडकर के चित्र पर माल्यार्पण कर किया गया। इस अवसर पर समाज कल्याण विभाग द्वारा मद्य निषेध कार्यक्रम के तहत कलापथक दल के कलाकारों द्वारा नशामुक्ति के गीतों के माध्यम से नशा छोड़ने का संदेश दिया गया। कार्यक्रम के अंत में सद्भावना भोज आयोजित किया गया, जिसमें केन्द्रीय मंत्री डॉ. वीरेन्द्र कुमार एवं अतिथियों ने अनुसूचित जाति एवं जनजाति के व्यक्तियों के साथ बैठकर भोजन किया। इस दौरान कलेक्टर श्री अग्रवाल सहित जिले के अधिकारियों एवं जनप्रतिनिधियों ने सामूहिक सह भोज में एक साथ बैठकर भोजन ग्रहण किया।

Previous articleआशा, आंगनवाड़ी कार्यकर्ता को दो दिवस के अंदर सर्वे कार्य पूर्ण करने के निर्देश दिये
Next article8 अक्टूबर को दिल से कार्यक्रम में मुख्यमंत्री श्री चौहान महिला संबंधी प्राथमिकताओं पर करेंगे बात

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here