जूही चावला ने बॉलीवु़ड की कई फिल्मों में काम किया है साथ में वे परोपकारी कार्य के लिए भी समय निकाल लेती हैं। अब उन्होंने प्लास्टिक के खिलाफ जंग छेड़ी है। लोगों को प्लास्टिक का उपयोग न करने के लिए जागरूक करने हेतु एक अभियान शुरू किया है ताकि बढ़ता प्रदूषण कम हो और एक अच्छे भविष्य का निर्माण हो। जूही खुद भी इसमें बढ़-चढ़कर भाग ले रही हैं और उन्होंन एक ऑनलाइन अभियान छेड़ा है #वारअगेंस्टप्लास्टिक।
इस अभियान में जूही ने प्लास्टिक और उससे बनने वाले सामान को बैन करने की अपील की है। वे प्लास्टिक से होने वाले हानिकारक प्रभावों के खिलाफ भी आवाज उठा कर अपने दोस्तों को इस अभियान से जोड़ने का प्रयास कर रही हैं। जूही ने प्लास्टिक के विकल्प के रूप में कागज और बांस से बनी चीजें जैसे स्ट्रॉ, टूथपिक का उपयोग करने की बात कही है।
प्लास्टिक की जगह इको फ्रेंडली सामान का उपयोग इस अभियान का मुख्य उद्देश्य है। जूही खुद बांस से बनी हुई चीजें अपने दोस्तों को गिफ्ट कर रही हैं, साथ ही हाथ से लिखे नोट्स भी दे रही हैं, जिसमें कैंपेन से जुड़ने की बात कही है।
जूही ने अपने अभियान को कलकत्ता में भी चलाया। कलकत्ता नाइट राइडर्स की सहमालिक होने के नाते ईडन गार्डन में उन्होंने 60 पौधे भी लगाए।