अब हिमाचल के लोग बताएं कि इस जमानती सरकार को जमानत देंगे कि नहीं-नरेंद्र मोदी

0

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बिलासपुर के लुहणू मैदान में अपनी रैली के दौरान वीरभद्र सरकार पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने सोनिया गांधी समेत कांग्रेस के शीर्ष नेतृत्व पर तीखा प्रहार करते हुए कहा कि पूरी कांग्रेस पार्टी भ्रष्टाचार के मामलों में जमानत पर है, हिमाचल प्रदेश में वर्तमान सरकार जमानत पर है और जनता को ऐसी पार्टी की सरकार से मुक्ति लेनी चाहिए। हिमाचल में एम्स, आईआईआईटी की आधारशिला रखने के बाद यहां एक रैली को संबोधित करते हुए मोदी ने कहा कि आज हिमाचल में जमानती सरकार चल रही है। मुझसे कांग्रेस के कुछ लोग मिलने आए थे। ऐसे ही बात चली। मैंने उनसे पूछा कि हिमाचल के मुख्यमंत्री भ्रष्टाचार के मामले में जमानत पर हैं। इन्हें बदलते क्यों नहीं।

हमारी पूरी पार्टी जमानत पर
प्रधानमंत्री ने कहा कि उन्होंने (कांग्रेस के लोगों ने) कहा कि कैसे बदलें… हमारी पूरी पार्टी जमानत पर है। कौन बदलेगा भला। हमारी अध्यक्षा (सोनिया गांधी) नैशनल हेराल्ड मामले में जमानत पर हैं। हमारे युवराज नेशनल हेराल्ड मामले में जमानत पर हैं। भ्रष्टाचार के मामले में जमानत पर है। उन्होंने कहा कि अब सब (कांग्रेस पार्टी में) जमानत पर हैं। पार्टी जमानत पर है, सरकार जमानत पर है। राज्य के मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह का नाम लिए बिना मोदी ने कहा कि अब हिमाचल के लोग बताएं कि इस जमानती सरकार को जमानत देंगे कि नहीं। मुक्ति देना है कि नहीं। कब तक इस जमानती सरकार को झेलेंगे। प्रधानमंत्री ने कहा कि भ्रष्टाचार ने इस देश को खोखला कर दिया है। हमारा देश पहले गरीब नहीं था।

अब एक एक पाई का हिसाब रखा जा रहा
हमारे देश के नागरिक अपने कर्तव्य के प्रति उदासीन नहीं थे। लेकिन जब उन्होंने देखा कि लूट का माल दूसरों की जेब में जा रहा है तो धीरे-धीरे मुंह फेर लिया। उन्होंने कहा कि अब फिर से नया युग आया है। अब एक एक पाई का हिसाब रखा जा रहा है, जनता के कल्याण में खर्च हो रहा है। मोदी ने कहा कि पिछले तीन, साढ़े तीन साल में हमारी सरकार पर भ्रष्टाचार का एक भी दाग नहीं लगा है। 2014 से पहले अखबार के पन्नों पर दिन रात भ्रष्टाचार की खबरें होती थीं। आरोप लगते थे कि कोयला में कितना गया, जल में इतना गया, नभ में इतना गया। उन्होंने कहा कि वह भी एक वक्त था जब आए दिन यह सवाल पूछा जाता था कि कितने पैसे गए…आज भी एक वक्त है जब पूछा जाता है कि मोदी जी कितने पैसे आए।

पीएम ने एम्स का शिलान्यास किया
इसके बाद पीएम ने एम्स का शिलान्यास किया। साथ ही ट्रिपल आईटी ऊना और कंदरोड़ी में स्टील प्लांट की भी सौगात दी। रैली स्‍थल पर लोगों की भारी भड़ उमड़ी हुई है। इस मौके पर केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जेपी नड्डा, नेता प्रतिपक्ष प्रेम कुमार धूमल, सांसद अनुराग ठाकुर सहित प्रदेश के कई दिग्गज नेता मौजूद रहे। रैली के दौरान पीएम ने पिछली बार की तरह इस बार भी प्रदेश वासियों को निराश किया। अपने भाषण के दौरान उन्होंने प्रदेश वासियों के लिए कोई भी बड़ी घोषणा नहीं की।

Previous articleस्वच्छता में हम सभी का योगदान महत्‍वपूर्ण है – विधायक
Next articleडॉ. एम.के.अग्रवाल ने किया एसडीएम कार्यालय हुजूर का निरीक्षण किया

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here