21 जनवरी को जयन्तसेन धाम में आयोजित होगा चातुर्मास स्मृति महोत्सव

0

रतलाम 18 जनवरी 2018। लोकसन्त श्रीमद् विजय जयन्तसेन सूरीश्वरजी म.सा. के नूतन पट्टधर गच्छाधिपति आचार्यश्री नित्यसेन सूरीश्वरजी म.सा. एवं आचार्यश्री जयरत्न सूरीश्वरजी म.सा. मुनिमण्डल एवं साध्वीवृन्द के साथ 20 जनवरी को रतलाम में मंगल प्रवेश करेंगे। उनकी निश्रा में 21 जनवरी को लोकसन्तश्री के स्वर्गारोहण पूर्व ऐतिहासिक अंतिम चातुर्मास की स्थली जयन्तसेन धाम में चातुर्मास स्मृति महोत्सव का आयोजन होगा। इसमें प्रातः 10 बजे प्रवचन होंगे तथा तत्पश्चात चातुर्मास की स्मृतियों पर प्रमुखवक्ता प्रकाश डालेंगे। महोत्सव की तैयारियों को लेकर समस्त जैन श्रीसंघ प्रमुखों, संगठनों, मण्डलों की बैठक हुई। इसमें विभिन्न कार्यों की व्यवस्था को अंतिम रूप दिया गया।

स्टेशन रोड स्थित वीसाजी मेंशन पर आयोजित बैठक में राज्य योजना आयोग उपाध्यक्ष एवं विधायक चेतन्य काश्यप ने कहा कि रतलाम में लोकसन्तश्री के चातुर्मास की स्मृतियां शहरवासियों के साथ पूरे देश के मानस पटल पर अंकित है। चातुर्मास के लिए साधन जुटाना बड़ी बात नहीं होती। धर्मावलम्बियों की सहभागिता उसका वातावरण बनाती है। वर्ष 2016 में चातुर्मास के दौरान 3 से 4 लाख लोग रतलाम आए थे। इससे हमारे शहर की प्रसिद्धी पूरे देश में पहुॅची है। चातुर्मास के दौरान शहर के सर्वसमाज ने बड़ी संख्या में जयन्तसेन धाम पहुॅचकर धर्मलाभ प्राप्त किया। लोकसन्तश्री के देवलोकगमन पश्चात नूतन आचार्यद्वय के रतलाम आगमन पर चातुर्मास स्मृति महोत्सव का आयोजन गुरूदेव के प्रति आदरांजलि होगी। इसमें अधिक से अधिक लोगों की सहभागिता करें, इसके लिए सकल जैन श्रीसंघ के साथ शहर के 200 से अधिक समाज एवं संगठन प्रमुखों को भी चातुर्मास स्मृति महोत्सव में आमंत्रित किया गया है। महोत्सव में प्रवचन पश्चात समस्त जैन श्रीसंघ एवं आमंत्रितजनों का स्वामी वात्सल्य (सहभोज) भी आयोजित होगा। बैठक को त्रिस्तुतिक जैन श्रीसघ के अध्यक्ष डॉ. ओ.सी. जैन ने भी सम्बोधित किया।

इस दौरान श्री वर्धमान स्थानकवासी जैन श्रावक संघ अध्यक्ष पी.के. जैन, श्री दानप्रेम रामचंद्र सूरि आराधना भवन ट्रस्ट अध्यक्ष अशोक लुनिया, श्री तेरापंथ महासभा अध्यक्ष अशोक बरमेचा, श्री खरतरगच्छ श्रीसंघ अध्यक्ष मनोहर छाजेड़, श्री शान्तक्रांत जैन श्रीसंघ अध्यक्ष मोहनलाल पिरोदिया, जैन श्रीसंघ सज्जनमिल क्षेत्र अध्यक्ष जयन्त बोहरा, श्री दिगम्बर साठ घर गोठ अध्यक्ष कमलेश पापरीवाल, श्री दिगम्बर श्रीसंघ स्टेशन क्षेत्र अध्यक्ष ओम अग्रवाल, श्री दिगम्बर हुम्मड़ समाज अध्यक्ष विनोद डोसी, श्री दिगम्बर जैन नरसिंहपुरा समाज अध्यक्ष राजेश जैन भुजियावाला एवं श्री समरथ जैन श्रावक संघ सेवा समिति अध्यक्ष विजय चाणोदिया मंचासीन थे। बैठक में समस्त जैन श्रीसंघ के विभिन्न पदाधिकारी एवं सामाजिक संगठनों के पदाधिकारीगण उपस्थित थे।

Previous articleरोजाना पीएं बादाम दूध और रहे कई बीमारियों से दूर!
Next articleएक क्लिक में पढ़े 19 जनवरी 2018 की बड़ी और चर्चित खबरें