जम्मू-कश्मीर में एक बार फिर से खराब मौसम के चलते अमरनाथ यात्रा को रोक दिया गया है। पहलगाम और बालटाल के रास्तों में भूस्खलन होने के कारण श्रद्धालुओं को आगे जाने की अभी अनुमति नहीं है। मंगलवार को भूस्खलन की चपेट में आने से पांच श्रद्धालुओं की मौत हो गई। स्थानीय पुलिस के मुताबिक बारिश और फिसलन की वजह से तीर्तयात्रियों को बालटाल और पहलगाम आधार शिविरों पर ही रोक दिया गया है।
सेना और सुरक्षाबलों के जवान अमरनाथ यात्रा पर गए श्रद्धालुओं की सुरक्षा और राहत कार्य में जुटे हुए हैं। मंगलवार को दो श्रद्धालुओं के शवों को बरामद किया गया, जबकि अन्य तीन के शव बुधवार को बरामद हुए। पुलिस का कहना है कि मृतकों की पहचान की जा रही है। उल्लेखनीय है कि 28 जून से शुरू हुई अमरनाथ यात्रा पर पहले दिन से ही बारिश खलल डाल रही है। भारी बारिश के चलते पहले यात्रा को 30 जून तक के लिए रोक दिया गया था।




























































