लापरवाही बरतने और लक्ष्य प्राप्ति नहीं होने पर कार्यवाही की जायेगी

0

सम्भागायुक्त एस.के.पॉल ने निर्देश दिये है कि मुख्यमंत्री जी की प्राथमिकता में शामिल विषयों और कार्यों में उत्कृष्ट प्रगति हासिल की जाय। लापरवाही बरतने और लक्ष्य प्राप्ति नहीं होने पर जिम्मेदार अधिकारियों-कर्मचारियों के विरूद्ध कार्यवाही की जायेगी। सम्भागायुक्त ने निर्देश दिये कि प्रत्येक विभाग और अधिकारी भ्रष्टाचार मुक्त सुशासन को दृढ़ता से स्थापित करे। हितग्राही और आवेदक को शासन की सेवाओं और योजनाओं का समुचित लाभ मिलना सुनिश्चित किया जावे। सम्भागायुक्त श्री पॉल सम्भागीय अधिकारियों की टी.एल. बैठक को संबोधित कर रहे थे।

उन्होंने कहा कि चुस्त-दुरूस्त राजस्व प्रशासन, आवास योजनायें, गरीब कल्याण, कमजोर वर्गों के लिये कार्यक्रम, भूमि पट्टा, गुणवत्ता युक्त स्वास्थ्य सेवायें, शिक्षा, महिला स्व सहायता समूहों का आर्थिक सशक्तिकरण, कौशल विकास एवं रोजगार, कृषि आय को दुगुना करना और डिजिटल इंडिया कार्यक्रमों एवं अन्य कुल 14 कार्यक्रमों का उत्कृष्ट क्रियान्वयन राज्य सरकार की प्राथमिकता है। उन्होंने निर्देश दिये कि सामान्य जिम्मेदारियों के सफल क्रियान्वयन के साथ ही सरकार के प्राथमिकता वाले क्षेत्रों में सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन के लिये प्रभावी, परिणामोन्मुखी कार्य शैली अपनायें। इसी के आधार पर अधिकारियों की कार्य कुशलता का मूल्यांकन किया जायेगा।

सम्भागायुक्त श्री पॉल ने विभागों के कार्यों की समीक्षा की। उन्होंने निर्देश दिये मुख्यमंत्री हेल्प लाइन प्रकरणों का त्वरित एवं समुचित निराकरण किया जाय। नगरीय विकास एवं कल्याण के अन्तर्गत समुचित पेयजल आपूर्ति, साफ-सफाई, मौसमी बीमारियों के इलाज एवं नियंत्रण, प्रधानमंत्री आवास योजना के क्रियान्वयन पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए गये।

संयुक्त संचालक ग्रामीण यांत्रिकी सेवा द्वारा बताया गया कि स्वीकृत निर्माण कार्य शुरू करा दिये गये हैं। उन्होंने स्टेडियम निर्माण में प्रगति की जानकारी ली। सम्भागायुक्त ने खेल मैदान निर्माण के लिये मुख्यमंत्री की घोषणाओं पर पूर्ण अमल करने के निर्देश दिये।
संयुक्त संचालक पशु चिकित्सा सेवायें ने बताया कि सम्भाग में चालू वित्तीय वर्ष में सात लाख से अधिक पशुओं का उपचार किया गया। साथ ही 16 लाख 63 हजार से अधिक टीके लगाये गये।

स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी ने बताया कि मुख्यमंत्री बाल हृदय उपचार योजना अन्तर्गत 52 प्रकरणों में उपचार प्रदान किया गया है। रीवा जिले में सर्वाधिक 24 प्रकरण निराकृत हुये है। अन्य स्वास्थ्य योजनाओं में प्रगति की जानकारी दी गयी।
कृषि की समीक्षा में बताया गया कि सम्भाग में खरीफ फसलों की 95 प्रतिशत बोनी हो चुकी है। वर्तमान में फसल की स्थिति सामान्य है। सोयाबीन, उड़द और मूंग फसल, फूल, फली बनने की अवस्था में है। विगत 3-4 दिनों से सम्भाग में कहीं-कहीं हल्की वर्षा हुयी है। खरीफ फसलों में कीट व्याधि से किसी भी जिले में फसल हानि की जानकारी नहीं मिली है। समग्र रूप से खरीफ फसलों की स्थिति सामान्यतया अच्छी है।

संयुक्त संचालक सहकारिता द्वारा बताया गया कि सम्भाग में 21 हजार 58 मेट्रिक टन रासायनिक खाद का अग्रिम भण्डारण किया गया है। जिसमें 15 हजार 961 मीट्रिक टन खाद कृषकों को वितरित हो गयी है। पांच हजार 98 मेट्रिक टन खाद का स्कन्ध शेष है।
इसी प्रकार सोयाबीन का एक हजार 462 क्विंटल बीज भण्डारित किया जाकर 849 क्विंटल बीज वितरित किया गया। धान का 676 क्विंटल बीज भण्डारित कर 625 क्विंटल बीज वितरित हो चुका है।

Previous article31 अगस्त 2017 राशिफल – जानिए कैसा रहेगा आपके लिए गुरुवार का दिन
Next articleचूहों को घर से भगाने के कुछ अचूक उपाय

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here