वृद्धजनों के मार्गदर्शन से समाज को सही दिशा मिलती है-जनपद अध्यक्ष अनुराधा पटैल

0

नरसिंहपुर – (ईपत्रकार.कॉम) |एक अक्टूबर को अंतर्राष्ट्रीय वृद्धजन दिवस के जिला स्तरीय कार्यक्रम का आयोजन स्थानीय पीजी कॉलेज के ऑडिटोरियम में किया गया। इस अवसर पर बुजुर्गों को सम्मानित किया गया। अतिथियों ने 4 वृद्धजनों को शतायु सम्मान दिया।

कार्यक्रम में कौशलेश त्रिपाठी एवं लालमती बोहरे नरसिंहपुर, दयाल मसीह हमीरचंद बांसकुंवारी और भम्मी बाई देवी प्रसाद मेहरा बंदरोहा को शतायु सम्मान प्रदान किया गया। इन वृद्धजनों को शाल, माला और श्रीफल से सम्मानित किया गया। साथ ही एक- एक हजार रूपये की राशि प्रदान की गई। कार्यक्रम में मौजूद 82 बुजुर्गों को माला पहनाकर एवं श्रीफल/ शाल भेंट कर सम्मानित किया गया। बुजुर्गों को जनपद पंचायत नरसिंहपुर की अध्यक्ष अनुराधा पटैल, अपर कलेक्टर जे समीर लकरा, डॉ. अनंत दुबे, मंडी सदस्य धनीराम पटैल, सीईओ जनपद पंचायत श्वेता बिसेन ने सम्मानित किया।

कार्यक्रम में जनपद अध्यक्ष अनुराधा पटैल ने कहा कि बुजुर्गों का सम्मान करना सौभाग्य की बात है। वृद्धजनों के मार्गदर्शन से समाज को सही दिशा मिलती है। बुजुर्गों के कल्याण की अनेक योजनायें शासन द्वारा संचालित की जा रही हैं। उन्होंने बुजुर्गों के कल्याण की शासन की योजनाओं का अधिकाधिक लाभ बुजुर्गों को दिलाने पर जोर दिया।

पूनमचंद कोठारी ने कहा कि देश को और अधिक सशक्त बनाने में बुजुर्गों के अनुभवों का लाभ लिया जाना चाहिये। उन्होंने देश के स्वतंत्रता संग्राम से जुड़े संस्मरण सुनाये।

डॉ. अनंत दुबे ने कहा कि हमारी संस्कृति का मूलभूत सिद्धांत वृद्धजनों का सम्मान करना है। देश की संस्कृति, संस्कार व सभ्यता का आधार बुजुर्ग हैं। वृद्धजनों के मार्गदर्शन से समाज को सही दिशा मिलती है।

सीईओ जनपद श्वेता बिसेन ने कहा कि भारतीय संस्कृति में बुजुर्गों के सम्मान की परम्परा रही है। हम भारतीय संस्कृति के संवाहक हैं। सामाजिक बदलाव के दौर में बुजुर्गों को पूर्व की तरह सम्मान मिलता रहे, इसके लिए सार्थक पहल करना होगी। उन्होंने नये भारत के निर्माण के प्रति संकल्पित होने पर जोर दिया।

कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्जवलन से हुआ। कार्यक्रम का संचालन संजय चौबे ने और आभार प्रदर्शन मुख्य नगर पालिका अधिकारी केएस ठाकुर ने किया। इस मौके पर बड़ी संख्या में वृद्धजन मौजूद थे।
वृद्धजनों का हुआ स्वास्थ्य परीक्षण

इस अवसर पर नि:शुल्क आयुर्वेद रोग निदान चिकित्सा शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में वृद्धजनों का स्वास्थ्य परीक्षण किया गया। वृद्धजनों को आवश्यक चिकित्सीय परामर्श दिया गया और औषधियों का नि:शुल्क वितरण किया गया। कार्यक्रम का आयोजन सामाजिक न्याय विभाग के मार्गदर्शन में जनपद पंचायत व नगर पालिका नरसिंहपुर और विभिन्न संस्थाओं के सहयोग से किया गया।

Previous articleप्रदेश सरकार ने मुख्यमंत्री कौशल संवर्धन एवं कौशल्या योजना के लिए स्वीकृत की 30 करोड़ की राशि
Next articleजब-तक छूआ-छूत और भेदभाव रहेगा तब-तक गांव तरक्की नहीं करेगा-विधायक श्री दांगी

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here