शासन की नीतियों से नहीं जागृति से आता है समाज में परिवर्तन : काश्यप

0

 रतलाम– ईपत्रकार.कॉम |राजनेता वही होता है जो भविष्य के बारे में सोचता है। मुख्यमंत्री शिवराजसिंह चौहान ने भविष्य का आंकलन कर जो योजनाएं बनाई, उनका अच्छा प्रतिसाद मिल रहा है। देश में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी भी बेटी बचाओ अभियान में लगे हैं। यह कार्यक्रम बेटी पढ़ाओ पर केन्द्रित है और सरकार ने इसके लिए भी मेधावी छात्र योजना, गांव की बेटी योजना लागू की है। समाज में परिवर्तन शासन की नीतियों से नहीं आता इसके लिए जनजागृति आवश्यक है।

यह बात विधायक, राज्य योजना आयोग चेतन्य काश्यप ने कही। वे भाजपा के बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ प्रकल्प द्वारा मेधावी छात्राओं के सम्मान समारोह को संबोधित कर रहे थे। श्री काश्यप ने कहा कि मुख्यमंत्री शिवराजसिंह चौहान ने ऐसे सामाजिक मुद्दे को छुआ जिसके बारे में अब तक किसी ने नहीं सोचा था। देश में एक हजार पुरूषों पर 916 महिलाओं का अनुपात है। म.प्र. में 1 हजार पुरूषों पर यह अनुपात 920 रहा, और पंजाब, हरियाणा में तो काफी विकट स्थिति देखी गई। वहां 1 हजार पर 820 महिलाओं का अनुपात ही रह गया था। प्रदेश में लाड़ली लक्ष्मी योजना की शुरूआत की गई। इस योजना को पुरी दुनिया ने सराहा है। उन्होंने कहा कि लाड़ली लक्ष्मी योजना के तहत विधानसभा ने कानून बना दिया है जिससे 18 वर्ष की होने पर बेटी को 1 लाख 20 हजार रुपए हर हाल में मिलेंगे। भाजपा ने प्रदेश में सामाजिक सरोकारों को लेकर जो चिंतन किया है वह किसी ने नहीं किया। श्री काश्यप ने बेटियों को तरक्की कर शहर, प्रदेश और देश का नाम रौशन करने की शुभकामना दी।

भाजपा जिलाध्यक्ष कान्हसिंह चौहान ने इस मौके पर कहा कि बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ भाजपा का नया प्रकल्प है। अमूमन जनता के बीच नेता वोट के लिए जाते हैं। लेकिन यह अलग तरह की शुरूआत है। इसके माध्यम से समाज के प्रति जिम्मेदारियों का निर्वाह किया जाएगा। उन्होंने कहा कि सरकारें सिर्फ व्यवस्था कर सकती है। समाज के व्यवहार में परिवर्तन ऐसे प्रकल्पों से ही लाया जा सकता है। यह प्रकल्प भविष्य में गांव-गांव तक विस्तारित होकर समाज के प्रति जिम्मेदारी निभाएगा। समारोह में भाजपा बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ प्रकल्प द्वारा 75 प्रतिशत से अधिक अंक प्राप्त करने वाली छात्राओं का सम्मान किया गया। समारोह में जिला महामंत्री मनोहर पोरवाल, जिला मंत्री देवेन्द्र वाधवा, सुनील भावसार, प्रकल्प संयोजक मनीष बैरागी, मंडल महामंत्री गोपाल शर्मा व आकाश खड़के मंचासीन रहे। आरम्भ में अतिथियों ने मां सरस्वती, पं. दीनदयाल उपाध्याय एवं डॉ. श्यामाप्रसाद मुखर्जी के चित्र पर माल्यार्पण कर दीप प्रज्जवलित कर किया। छात्राओं ने सरस्वती वंदना प्रस्तुत की। अतिथियों ने कन्या पूजन भी किया। आरंभ में प्रकल्प संयोजक श्री बैरागी ने स्वागत भाषण दिया। पूर्व पार्षद आशा उपाध्याय ने गीत प्रस्तुत किया। अतिथियों का स्वागत सारिका दीक्षित, सपना दुबे, कृष्णा प्रजापत, सोनू नेका, कंचन गुर्जर, पूनम भूरिया, सुश्मिता गेहलोत, रीना शर्मा, सुलोचना सोलंकी, सलोमी प्रजापत, सोनाली गुर्जर व हितेश सोलंकी ने किया। संचालन हार्दिक मेहता ने किया।

Previous articleयात्रा के दौरान मुख्यमंत्री स्कूल, अस्पताल आदि का निरीक्षण भी कर सकते हैं
Next articleविधायक काश्यप ने उद्योगपतियों को बताई सरकार की उपलब्धियां