सभी खरीदी केन्द्र में एफएक्यू की मात्रा एवं स्तर लिखवाई जाए – कलेक्टर

0

होशंगाबाद – ईपत्रकार.कॉम |कलेक्टर श्री आशीष सक्सेना ने सोमवार को जिले के किसान संघ के पदाधिकारियों, किसान कल्याण एवं कृषि विकास विभाग के अधिकारियों तथा संबंधित विभाग के अधिकारियों की संयुक्त बैठक लेकर धान, उड़द, मूंग खरीदी केन्द्रों, किसानो के भुगतान की स्थिति, फसल खरीदी की स्थिति की समीक्षा की। उन्होंने समीक्षा बैठक में निर्देश दिये कि सभी मूंग, उड़द की खरीदी केन्द्रों में एफएक्यू की मात्रा एवं स्तर कितना होना चाहिए इसकी स्पष्ट जानकारी अंकित की जाए। उल्लेखनीय है कि कई जगह से यह शिकायतें प्राप्त हो रही हैं कि खरीदी केन्द्र के प्रबंधक धान को रिजेक्ट कर रहें हैं। कलेक्टर ने कहा कि एफएक्यू स्तर की फसल को किसी भी स्थिति में अमान्य न किया जाए। बैठक में उन्होंने धान खरीदी समयसीमा में करने के निर्देश दिये और बताया कि जिले में जितने भी खरीदी केन्द्र हैं उन केन्द्रों में धान खरीदी की प्रक्रिया तेजी से शुरू की जायेगी। जिला सहकारी केन्द्रीय बैंक के मुख्य कार्यपालन अधिकारी ने बताया कि अब तक 24 करोड़ 60 लाख रूपए का भुगतान किसानो को धान खरीदी हेतु किया गया है। 30 करोड़ का भुगतान होना शेष है। जिसे जल्द ही दे दिया जायेगा। कलेक्टर ने कहा कि 30 करोड़ रूपए का भुगतान होना शेष है। उन्होंने मुख्य कार्यपालन अधिकारी को निर्देश दिये कि वे यह सुनिश्चित करे कि किस तारीख तक किसानो को बकाया भुगतान किया जा सकेगा। उन्होंने कहा कि प्रतिदिन खरीदी एवं बिक्री की रिपोर्ट उनके समक्ष प्रस्तुत की जाए। श्री सक्सेना ने निर्देश दिये कि नायाब तहसीलदार एवं सहकारी बैंक के अधिकारी खरीदी केन्द्रों में जाकर खरीदी एवं भुगतान की प्रक्रिया का निरीक्षण करें एवं उसी दिन इसकी रिपोर्ट भी प्रस्तुत करें।

कलेक्टर ने सभी मंडी सचिवों को निर्देशित किया कि वे अपनी मंडी में यदि तौल कांटे की आवश्यकता है तो उसे तत्काल खरीद लें। किसान प्रतिनिधियों ने बताया कि जिले में सहकारी बैंक के मजबूतीकरण करने की आवश्यकता है। क्योकि एक मात्र सहकारी बैंक ही ऐसा है जो किसानो का मददगार हैं और सहकारी बैंक के माध्यम से किसान अपनी राशि की निकासी एवं जमा आसानी से एवं सुविधाजनक ढंग से करते हैं। किसान प्रतिनिधियों ने विद्युत की समस्या की ओर कलेक्टर का ध्यान आकर्षित कराते हुए कहा कि धरमकुंडी में बिजली की समस्या लगातार बनी हुई है। कलेक्टर ने विद्युत विभाग के अधिकारियों से कहा कि वे तत्काल बिजली की समस्या का समाधान करायें। उन्होंने कहा कि किसानो को सुविधा मिले इसका निरन्तर प्रयास किया जा रहा है। बैठक में बताया गया कि अब तक जिले के 35 हजार किसानो को रूपे कार्ड वितरित किये गये हैं। 40 हजार किसान शेष हैं जिन्हें रूपे कार्ड वितरित करना है। कलेक्टर ने कहा कि सहकारी बैंक के एटीएम जहां लगे हैं उसकी जानकारी से उन्हें अवगत कराया जाए साथ ही उन्हें रूपे कार्ड प्राप्तकर्ता किसानो के मोबाईल नंबर उपलब्ध कराएं जायें। जिससे वे किसानो से बात कर सकें। किसान प्रतिनिधियों ने बताया कि वन पट्टेधारी किसानो के उड़द एवं मूंग की फसल नही बिक पा रही है। कलेक्टर ने कहा कि इस समस्या का समाधान शीघ्र ही कर लिया जायेगा। कलेक्टर ने कहा कि किसानो की समस्याओं का निराकरण प्राथमिकता से किया जा रहा है। अब तक खरीदी केन्द्रों में एवं भुगतान में लापरवाही बरतने वाले 12 अधिकारी एवं कर्मचारियों के इक्रीमेंट रोके गये हैं।

बैठक में अपर कलेक्टर श्री केडी त्रिपाठी, एसडीओ श्री वृंदावन सिंह, उप संचालक किसान कल्याण एवं कृषि विभाग श्री जितेन्द्र सिंह सहित संबंधित अधिकारीगण मौजूद थे।

Previous articleमुख्य चिकित्सा अधिकारी ने किया मंडई, मोहगांव, बिरसा के स्वास्थ्य केन्द्रों का निरीक्षण
Next articleमुख्यमंत्री फसल ऋण माफी योजना को समय-सीमा में लागू करें – मुख्य सचिव