निर्धारित गुणवत्ता अनुरुप ही करें धान की खरीदी – कलेक्टर

0

कटनी  – ईपत्रकार.कॉम |कलेक्टर केवीएस चौधरी ने बुधवार को कटनी और रीठी तहसील के अनेक धान खरीदी केन्द्रों का निरीक्षण किया। उन्होने धान खरीदी कार्य में संलग्न अधिकारियों को निर्धारित मानक गुणवत्ता के अनुरुप ही धान की खरीदी करने के निर्देश दिये हैं। निरीक्षण के दौरान सहायक अपूर्ति अधिकारी के.एस. भदौरिया, नायब तहसीलदार प्रियंका नेताम भी उपस्थित थे।

कलेक्टर श्री चौधरी ने कृष्णा वेयर हाउस में संचालित रैपुरा और पहाड़ी समिति के धान खरीदी केन्द्र सहित हीरापुर कौडि़या, ओम साईं वेयर हाउस चरगवां से संबद्ध धान खरीदी केन्द्र बिलहरी, तिलगवां और चरगवां का भी निरीक्षण किया। उन्होने खरीदी केन्द्रों में क्लोजर रिपोर्ट की जानकारी लेते हुये पंजीकृत कृषक संख्या, अब तक खरीदी, परिवहन, स्टॉक में उपलब्ध मात्रा, स्वीकृति मात्रा, किसानों को भुगतान की जानकारी प्रत्येक धान खरीदी केन्द्रों में ली। उन्होने इस दौरान किसानों से समस्यायें भी सुनी और उन्हें अपनी उपज को निर्धारित आर्द्रता के अनुसार साफ-सुथरी कर विक्रय करने की समझाईश दी। उन्होने कहा कि तौल स्थल पर किसान को अपनी उपज लानी है। इसके अलावा तौल और पल्लेदारी के लिये किसी भी तरह का भुगतान नहीं करना है।

कलेक्टर ने अपने समक्ष धान की खरीदी की तौल और आर्द्रता की जांच कराई। खरीदी केन्द्र तिलगवां में पर्याप्त साफ-सुथरी धान और आर्द्रता नहीं पाये जाने पर खरीदी केन्द्र प्रभारी से अप्रसन्नता व्यक्त की। उन्होने खरीदी केन्द्र प्रभारी रवि प्रकाश और सर्वेयर रवि पटेल, ऑपरेटर अमित दुबे को निर्धारित मानक अनुरुप ही धान खरीदी करने की सख्त हिदायत दी। कलेक्टर ने खरीदी केन्द्रों का पर्यवेक्षण करने वाले खाद्य निरीक्षक को नोटिस भी जारी करने के निर्देश दिये। कलेक्टर ने खरीदी केन्द्र प्रभारी द्वारा उपार्जित धान के बोरियों में किसान पर्ची में कोड नहीं डालने और नाम नहीं लिखने पर फटकार लगाई। उन्होने किसानों को खरीदी केन्द्र में उपलब्ध ग्रेडर थ्रेसर पंखें का उपयोग कर साफ सुथरी धान ही विक्रय करने की समझाईश दी।

कलेक्टर ने कहा कि किसान को अपनी धान खरीदी केन्द्र लाने पर गेटपास टोकन दिया जाये और पहले आओ-पहले पाओ के आधार पर क्रमवार तुलाई व खरीदी की जाये। निरीक्षण के दौरान जानकारी दी गई कि खरीदी केन्द्र कृष्णा वेयर हाउस में रैपुरा और पहाड़ी समिति द्वारा 11 हजार क्विंटल धान की खरीदी की गई है। हीरापुर कौडि़या में 745 पंजीकृत किसानों ने 145 किसानों ने मझगवां के ओपन कैप में और 28 किसानों ने कौडि़या के केन्द्र में अपनी धान विक्रय की है। इस केन्द्र द्वारा अब तक 10 हजार 610 क्विंटल धान खरीदी की है। जिसमें 7516 क्विंटल का परिवहन हुआ है। 8996 बोरी शेष खरीदी धान परिवहन के लिये बचा है। कलेक्टर ने किसानों को समझाया कि 15 जनवरी तक खरीदी केन्द्रों में लाने वाले सभी किसानों का धान खरीदा जायेगा। सभी किसान धैर्य रखें और खरीदी केन्द्रों में किसी भी तरह का विवाद नहीं करें। उन्होने खरीदी केन्द्र कौडि़या में तौल कांटे और लेबरों की संख्या बढ़ाने के निर्देश दिये। बिलहरी में पंजीकृत 558 किसानों में से 177 किसानों से 13358 क्विंटल धान खरीदी गई है। 4980 क्विंटल का परिवहन और 3327 क्विंटल की स्वीकृति मिल गई है। तिलगवां में पंजीकृत 365 किसानों में से 81 लोगों ने 6500 क्विंटल धान अब तक बेची है।

Previous articleकर्जमाफी का लाभ लेने अपने बैंक खातों को आधार से लिंक कराऐं किसान- कलेक्टर
Next articleकलेक्टर ने ली स्वास्थ्य सुविधाओं की जानकारी